देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दून पुलिस को बुधवार तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार सुबह तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने बैरियर में टक्कर मारते हुए वाहन को तेज गति से सेलाकुई की ओर भगा दिया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने पर बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर भागे और रामगढ़ के रपटे के पास कार छोड़कर नदी क्षेत्र की तरफ पैदल फरार होने लगे। पुलिस के अनुसार भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा पुत्र सियाराम निवासी दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है। उसे पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरा गिरफ्तार आरोपी विनोद कुमार मीणा निवासी करौली, राजस्थान है। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विनोद मीणा का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






