देहरादून। शहर में बढ़ती रात्रिकालीन हुड़दंग और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने बीते दो दिनों में सख्त कार्रवाई करते हुए नशे में वाहन चलाने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज कर दिया, जिससे शहर में सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है। रात्रि के समय नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा आकस्मिक चेकिंग की गई, जिसमें 2600 से अधिक वाहनों की जांच और 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों को रोका गया, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाकर गहन पूछताछ की गई। पुलिस ने 99 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 49,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। हूटर और काले शीशों का इस्तेमाल करने तथा रेस ड्राइविंग में लिप्त 12 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 98 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना लगाया गया और 21 मामलों में कोर्ट चालान भी किए गए।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के नाम पर रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने, हुड़दंग करने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले छात्रों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में न केवल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थानों से निष्कासन तक की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने वाले युवाओं को चिन्हित करें और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही, रात्रि में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार स्थान बदलकर चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि अराजक तत्वों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। “ऑपरेशन नाइट वॉच” के जरिए दून पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।






