हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के जज फार्म इलाके में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया, जब 44 वर्षीय महिला विमला सती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि उनका नाबालिग बेटा, जो कक्षा 10 का छात्र है, सबसे पहले अपनी मां को इस हालत में देखकर सदमे में आ गया। जानकारी के अनुसार महिला अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। सुबह जब बेटा नींद से उठा और मां को कमरे में न पाकर खोजने लगा, तो दूसरे कमरे में पहुंचते ही उसने मां को पंखे से लटका हुआ देखा। यह भयावह दृश्य देखते ही उसकी चीखें पूरे मोहल्ले में गूंज उठीं।
मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह बच्चे को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में सीओ अमित सैनी ने बताया कि मकान मालिक द्वारा सूचना दी गई थी कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है और किरायेदारों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जहां महिला फांसी के फंदे पर लटकी मिली। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।





