हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन के तहत चल रहे पुनर्वास कैंपों की निगरानी तेज कर दी गई है। गुरुवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने कैंपों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से समय रहते आवेदन करने की अपील की। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि 19 मार्च से लगातार प्रभावित क्षेत्र में कैंप लगाए जा रहे हैं और प्रतिदिन उनका निरीक्षण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में जिला प्रशासन, स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है, जिससे कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है।
अब तक करीब साढ़े सात हजार से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग एक हजार आवेदन जमा हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन पत्र लेना जितना सरल है, उसे सही तरीके से भरकर जमा करना उतना ही जटिल है, क्योंकि इसमें कई तकनीकी जानकारियों और आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होती है। इसके बावजूद पिछले दो-तीन दिनों में आवेदन जमा होने की रफ्तार को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि 31 मार्च की तय समय सीमा तक सभी पात्र लोग अपने आवेदन जमा कर देंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पात्र व्यक्ति आगे आएं और इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि उन्हें सरकार की पुनर्वास योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।






