हल्द्वानी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम में 200 से अधिक कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर सम्मान किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महापौर गजराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों यानी स्वच्छता कर्मियों के परिवारों से 208 कन्याओं को आमंत्रित किया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया गया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने नारी शक्ति के प्रति सम्मान और आदर का भाव व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, प्रदेश मंत्री विजयलक्ष्मी चौहान सहित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।इस मौके पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है और पर्यावरण मित्रों के परिवारों की कन्याओं का पूजन समाज में समानता और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारों को भी मजबूती प्रदान की।






