हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम ने जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नालियों, जल निकासी व्यवस्था और सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। महापौर ने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट), काठगोदाम तथा वार्ड संख्या 29 और 30 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में तैनात हैं और सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, नालियों में कचरा न फेंकें और हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।







