हल्द्वानी। मतदान से एक दिन पहले भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए हल्द्वानी में चुनावी माहौल गरमा गया। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने भाजपा पर शराब के जरिए चुनाव को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला तब तूल पकड़ा जब भाजपा के ओबीसी जिलाध्यक्ष की गाड़ी से राजपुरा क्षेत्र में दो पेटी शराब बरामद हुई। इस घटना ने भाजपा को बैकफुट पर ला खड़ा किया है। कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी मौके पर पहुंचे और भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े किए। ललित जोशी ने कहा, “भाजपा जो दिन-रात सनातन धर्म की बात करती है, वही रात के अंधेरे में शराब बांटकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। यह कौन-सा धर्म सिखाता है? गरीबों को नशे की ओर धकेला जा रहा है। जनता नशा नहीं, रोजगार चाहती है।” उन्होंने भाजपा पर पिछले 10 सालों में कोई ठोस काम न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब भाजपा को चुनाव जीतने के लिए शराब और धनबल का सहारा लेना पड़ रहा है। शराब बरामदगी के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
ललित जोशी ने इसे भाजपा की “शर्मनाक चाल” करार दिया और कहा, “अगर भाजपा ने वाकई जनता के लिए काम किया होता, तो उसे इस तरह के हथकंडों की जरूरत नहीं पड़ती। अब भाजपा शराब के सहारे वोट मांगने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता सब कुछ समझ चुकी है।” जोशी ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जो यह दिखाता है कि भाजपा सत्ता के दबाव का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने इसे न केवल कानून का मजाक, बल्कि गरीब जनता के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। ललित जोशी ने कहा, “यह घटना भाजपा की हार के डर को साफ दिखाती है। अब जाति और धर्म की राजनीति से कुछ हासिल नहीं हो रहा, तो शराब का सहारा लिया जा रहा है। भाजपा की गाड़ी से शराब बरामद होने की घटना ने पार्टी की सच्चाई उजागर कर दी है। जनता 23 जनवरी को इसका करारा जवाब देगी।” इस घटना ने हल्द्वानी के चुनावी माहौल में हलचल मचा दी है।








