हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में युवती की सनसनीखेज हत्या के ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग, कथित ब्लैकमेल और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गंगनहर में फेंक दिया। मामले में मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी नावेद को भगवानपुर-चंदनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को मृतका शहनुमा के पिता ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था। शव बरामद न होने और घटनास्थल स्पष्ट नहीं होने के कारण यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर बन गया था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी का आरोप है कि पारिवारिक शादी में डीजे पर डांस को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मृतका कथित रूप से उसे विभिन्न मामलों में फंसाने और परिवार को बदनाम करने की धमकी देने लगी। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंककर गांव लौट आया और सामान्य जीवन जीने का प्रयास करता रहा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







