रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम गैंगरेप के आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथी जोगा सिंह और रविंदर को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी गैंगरेप प्रकरण में वांछित थे। बरामद हथियारों और कारतूस के आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में अतिरिक्त मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।






