हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए जुगाड़ वाहनों, रेट्रो साइलेंसर, हथियारों और नशे के साथ यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। साथ ही कांवड़ की ऊंचाई तय सीमा से अधिक न रखने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों का स्वागत करते हुए यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि कांवड़ यात्रा में जुगाड़ वाहन और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा पैदल जल लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं की कांवड़ की ऊंचाई छह फीट तथा कांवड़ झांकियों की ऊंचाई दस फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से दुर्घटना की आशंका न रहे और यातायात भी बाधित न हो। हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान भाले, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के नुकीले हथियार साथ न लाने की अपील की है। साथ ही शराब या किसी भी मादक पदार्थ के सेवन अथवा उसके प्रभाव में हरिद्वार में प्रवेश करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं को अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने की सलाह दी है। रेलमार्ग से आने वाले यात्रियों को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव से बचने और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के उद्देश्य से अनुशासित एवं शांतिपूर्ण यात्रा करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन कर श्रद्धालु न केवल अपनी बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं।





