हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में इंदिरानगर ठोकर के पास रेलवे पटरी पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जबकि उसके हाथ पर ‘आदिल’ लिखा हुआ है। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को रेलवे स्टेशन हल्द्वानी की ओर से बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी गई कि इंदिरानगर ठोकर के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन से टकराकर घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायल को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज उसके पास नहीं मिला है। उसके हाथ पर ‘आदिल’ नाम लिखा हुआ है। बनभूलपुरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान अथवा उसके परिजनों के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दें, ताकि मृतक की शिनाख्त कर आगे की कार्रवाई की जा सके।










