हल्द्वानी। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के जुलूस से पहले बनभूलपुरा की जर्जर सड़कों का मुद्दा गरमा गया है। सामाजिक कार्यकर्ता अबु तस्लीम ने अपने साथियों के साथ विधायक सुमित हृदयेश के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन कर सड़कों के गड्ढे तत्काल भरवाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा, जिस पर विधायक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बनभूलपुरा क्षेत्र की टूटी सड़कों और गहरे गड्ढों को लेकर मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ता अबु तस्लीम के नेतृत्व में लोगों ने विधायक सुमित हृदयेश के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 26 अगस्त को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और अकीदतमंद शामिल होंगे। ऐसे में जर्जर सड़कों और गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को सौंपे ज्ञापन में विशेष रूप से लाइन नंबर 17 और लाइन नंबर 12 की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाया। लोगों ने मांग की कि समय की कमी को देखते हुए फिलहाल डामरीकरण के बजाय गड्ढों को मिट्टी, रोड़ी या मलबे से भरकर अस्थायी पैचवर्क कराया जाए, ताकि जुलूस के दौरान लोगों को परेशानी और दुर्घटना का सामना न करना पड़े। विधायक सुमित हृदयेश ने प्रदर्शनकारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब त्योहार से पहले प्रशासन को तत्काल जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।










