- तिकोनिया क्षेत्र में नाले में जमी गाद बनी जलभराव की वजह, नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से शुरू कराया सफाई अभियान
हल्द्वानी। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच नैनीताल जिले में भारी बारिश ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते हल्द्वानी शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव की शिकायतों के बाद नगर निगम और प्रशासन की टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई को नैनीताल जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी के तहत बुधवार सुबह से ही हल्द्वानी में तेज बारिश जारी रही। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने लगा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई निरीक्षण के लिए शहर में निकले।
निरीक्षण के दौरान तिकोनिया चौराहे के पास परिसर के समीप स्थित एक बड़े नाले में रुकावट और भारी मात्रा में गाद जमा होने की बात सामने आई। अधिकारियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को तत्काल नाले की सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी और सफाई टीम की मदद से नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया गया, ताकि बारिश के पानी की निकासी बेहतर हो सके और शहर में जलभराव की समस्या को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन और नगर निगम की टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें।







