- 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी। रानीबाग स्थित पवित्र चित्रशिला धाम और कत्युरी वंश की कुलदेवी माता जिया रानी मंदिर समिति की भूमि पर कथित अतिक्रमण और चौपाटी निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। पहाड़ी आर्मी संगठन ने इस मामले में मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए भूमि खुर्द-बुर्द करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और निर्माणाधीन चौपाटी को हटाने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चित्रशिला धाम स्थित खसरा संख्या 538 की मंदिर समिति की भूमि पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अतिक्रमण कर चौपाटी का निर्माण कराया है।
संगठन का कहना है कि यह स्थल मां गंगा (गौला नदी) के तट पर स्थित पहाड़ी हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र और कत्युरी वंश की कुलदेवी माता जिया रानी का पवित्र धाम है। ऐसे स्थान पर कथित अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पहाड़ी आर्मी ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा निर्माणाधीन चौपाटी को तत्काल ध्वस्त किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पहाड़ी समाज को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। यह ज्ञापन पहाड़ी आर्मी नेता हरीश रावत के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धार्मिक स्थल की भूमि को सुरक्षित रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।





