हल्द्वानी। शहर में मंगलवार रात आग की दूसरी बड़ी घटना से हड़कंप मच गया। मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:45 बजे अज्ञात कारणों के चलते माशा शूज की दुकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे जूते-चप्पल और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई।
बताया जा रहा है कि यह दुकान समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के छोटे पुत्र सुमेर सिद्दीकी की है। आग से दुकान में रखा पूरा सामान जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को फैलने से रोक लिया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि मंगलवार शाम हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जहां खड़ी दो स्कूली बसें और एक जनरेटर आग की चपेट में आ गए थे। एक ही दिन में शहर में आग की दो घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।





