देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पालिका परिषद कार्यालय और नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की गहन जांच कराई। जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने 23 जून 2026 को कोतवाली मसूरी में तहरीर दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के माध्यम से नगर पालिका कार्यालय और अध्यक्ष कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर कार्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली मसूरी में मुकदमा संख्या 21/2026 दर्ज कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 351(4) और 113(ख) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





