हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए हत्या के पीछे छिपी प्रेम कहानी और साजिश की परतें खोल दी हैं।मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध रखने वाले युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने के लिए बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 27 अप्रैल की सुबह सामने आई, जब डायल 112 के माध्यम से पुलिस को एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया, जहां उसकी पहचान बिजनौर निवासी राजवीर सिंह के रूप में हुई। सिर पर गहरी चोट के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले मृतक कुछ लोगों के साथ शराब पीते देखा गया था। एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच करते हुए पुलिस ने कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के पास से आरोपी पंकज कुमार को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि पंकज का मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसके लिए वह उसका तलाक भी करवाना चाहता था, लेकिन मृतक राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था। पिता को अपने प्रेम संबंध में बाधा मानते हुए पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 26 अप्रैल की शाम को आरोपी पंकज और छोटेलाल ने राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बहादराबाद क्षेत्र के बौंगला अंडरपास के पास स्थित खेत में ले जाकर हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पंकज की निशानदेही पर दूसरे आरोपी छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी और मृतक सिडकुल क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी, जिसमें प्रेम संबंध के चलते पिता को रास्ते से हटाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल अनावरण किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





