- क्षेत्र की सड़क और गड्ढों की समस्या को लेकर भी सौंपा गया ज्ञापन
हल्द्वानी। दमुवाढुंगा क्षेत्र के लंबे समय से लंबित मालिकाना हक के मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर समाधान की मांग रखी। वार्ता के दौरान क्षेत्रवासियों को मालिकाना हक दिलाने के लिए जल्द ड्रोन सर्वे कराए जाने की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक में दमुवाढुंगा क्षेत्र के वार्ड संख्या 35, 36 और 37 के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पार्षद प्रतिनिधि वार्ड नंबर 37 हृदयेश कुमार की अगुवाई में निवर्तमान पार्षद देवी दयाल उपाध्याय, पार्षद वार्ड 36 तनुजा जोशी और पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 35 महेशानंद ने जिलाधिकारी के समक्ष क्षेत्रवासियों की प्रमुख समस्याएं रखीं।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि दमुवाढुंगा क्षेत्र में मालिकाना हक का विषय लंबे समय से लंबित है, जिससे हजारों परिवार प्रभावित हैं। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र का जल्द ड्रोन सर्वे कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और पात्र लोगों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द आवश्यक कार्रवाई कर उचित निर्णय लिया जाएगा, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके। इसके अलावा वार्ड नंबर 37 की क्षतिग्रस्त सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों की समस्या को लेकर भी जिलाधिकारी को पत्र सौंपा गया। क्षेत्र में आवागमन की परेशानी को देखते हुए सड़कों की मरम्मत और गड्ढा भरान कार्य शीघ्र कराने की मांग की गई।





