- नैनीताल में यातायात और कानून व्यवस्था प्रभावित होने पर पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
- एसएसपी का साफ संदेश- नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट
नैनीताल। सरोवर नगरी में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मोहर्रम जुलूस के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा तय की गई शर्तों व समय सीमा का उल्लंघन करने पर आयोजकों के खिलाफ कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मोहर्रम जुलूस को लेकर आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जुलूस समाप्त करने के लिए रात 9 बजे तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद आयोजकों द्वारा निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक जुलूस निकाला गया। इसके चलते नैनीताल शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि तय निर्देशों की अवहेलना करने के साथ ही व्यवस्था बनाए रखने में बाधा उत्पन्न होने के मामले में मल्लीताल पुलिस ने आयोजकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कोतवाली मल्लीताल में एफआईआर संख्या 23/26 के तहत धारा 126(2), 223, 285 और 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।एसएसपी नैनीताल ने कहा कि नैनीताल जिला मुख्यालय होने के साथ ही देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख केंद्र है। यहां किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधित करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।





