- 15 से 18 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक, अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग रहेगा चालू
अल्मोड़ा। लगातार हो रही बारिश के कारण चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आदेश जारी करते हुए 15 से 18 जुलाई तक चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 सभी वाहनों के लिए खुला रहेगा। प्रशासन के अनुसार अतिवृष्टि के कारण क्वारब बाईपास और चौसली-क्वारब मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन हुआ है, जिससे मार्ग असुरक्षित हो गया है।

लोक निर्माण विभाग ने बताया कि प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने, ढलानों की स्केलिंग और सुरक्षा कार्यों को पूरा करने में लगभग चार दिन का समय लगेगा। इसी को देखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों की अवहेलना गंभीरता से ली जाएगी। हालांकि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। यदि किसी विशेष परिस्थिति में अन्य वाहनों के संचालन की आवश्यकता होती है, तो संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस अथवा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगे। प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग-109 का उपयोग करने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





