- पहले शैक्षणिक सत्र में तीन स्नातक पाठ्यक्रम और नौ खेलों में डिप्लोमा कोर्स, 1 सितंबर से शुरू होगा नया सत्र
हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौलापार स्थित उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है।विश्वविद्यालय ने प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 अगस्त 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय की उप कुलसचिव राशिका सिद्दीकी ने प्रेसवार्ता में प्रवेश प्रक्रिया और आगामी शैक्षणिक सत्र की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स साइंस, बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स जर्नलिज्म के स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके साथ ही नौ खेलों में डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग पाठ्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि चार वर्ष होगी, जबकि डिप्लोमा कोर्स एक वर्षीय होगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार स्नातक पाठ्यक्रमों की फीस 28,700 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है, जबकि डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग की फीस 45,100 रुपये प्रतिवर्ष होगी। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र खास महत्व रखता है। प्रवेश प्रक्रिया के तहत 23 अगस्त को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 24 और 25 अगस्त को फिजिकल टेस्ट, जबकि 25 और 26 अगस्त को इंटरव्यू एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 28 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी और विश्वविद्यालय का नया शैक्षणिक सत्र 1 सितंबर 2026 से शुरू होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। प्रवेश तिथि बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा, जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे।






