खटीमा। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लेकर उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर आम की बगिया की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 7 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर मामले की जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 अगस्त को चौकी झनकट, कोतवाली खटीमा पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ संरक्षण में लिया। जांच में उक्त बाइक खटीमा कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों बालकों ने पूर्व में चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों को ओकलैंड होटल से करीब 500 मीटर आगे स्थित आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की जानकारी दी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया और निशानदेही पर वहां छिपाई गई 7 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस, हीरो स्प्लेंडर प्लस, टीवीएस स्टार सिटी और कावासाकी समेत कुल आठ मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कई वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर या तोड़कर उनकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। एक कावासाकी मोटरसाइकिल बिना पंजीकरण संख्या, चेसिस नंबर और इंजन नंबर के बरामद हुई है। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की जानकारी जुटाने के साथ यह भी पता लगा रही है कि इन मोटरसाइकिलों का संबंध अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से तो नहीं है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।







