हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी जनसभा के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे कथित AI-एडिटेड और फेक वीडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी ने बुधवार को SP सिटी को तहरीर सौंपकर वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और इसे तैयार व प्रसारित करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि वायरल वीडियो में मूल वीडियो की आवाज के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक और आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत किया गया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पिछले तीन दिनों से यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और भाजपा के कई बड़े नेताओं द्वारा भी इसे शेयर किए जाने का आरोप है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वीडियो फर्जी है तो इसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि कथित फर्जी वीडियो से समाज में भ्रम और सांप्रदायिक तनाव पैदा होने की आशंका है, जिससे शहर की फिजा और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि वीडियो की तकनीकी जांच कर उसके मूल स्रोत का पता लगाया जाए और इसे तैयार करने, एडिट करने तथा प्रसारित करने में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फर्जी सामग्री के जरिए समाज में डर और तनाव पैदा करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से वीडियो के प्रसारण पर रोक लगाने के साथ दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश का राजनीतिक और कानूनी स्तर पर विरोध किया जाएगा।







