रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी को पीछे से स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और उसके बाद मारपीट के आरोपों से जुड़े मामले में रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सन्नी चुघ को गंगापुर रोड से दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना 7 अगस्त की रात की है। गांधी कॉलोनी निवासी अंकित की ओर से 8 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर में बताया गया कि उनका भाई अभिषेक और जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी के गेट के पास फ्लाईओवर पर पहुंचने के दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तहरीर के अनुसार, आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने वाहन से उतरकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की और फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और तत्काल एक टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने 11 अगस्त को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, उम्र 32 वर्ष को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत तरीके से जारी है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।






