हल्द्वानी। उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के जन्मदिवस के अवसर पर हल्द्वानी में श्रद्धा, सम्मान और जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कटघरिया चौराहे पर हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर भगत सिंह कोश्यारी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। भंडारे में पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण करते हुए भगत सिंह कोश्यारी के योगदान को याद किया और उनके लंबे सार्वजनिक जीवन की सराहना की। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सादगी की मिसाल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास, समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समर्पित नेतृत्व की उनकी सोच आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। महापौर ने कहा कि भगत दा ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जिस निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया, वह उत्तराखंड की राजनीति में एक आदर्श के रूप में स्थापित है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल, प्रधान दिनेश जोशी, प्रधान मनीष भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य राधा सुयाल, पार्षद मनोज भट्ट, भाजपा नेता प्रमोद बोरा, कमलनयन जोशी, महेश शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, भाजपा नेता घनश्याम सुयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्रद्धा और सेवा के इस आयोजन ने एक बार फिर भगत सिंह कोश्यारी के प्रति जनता के सम्मान और उनके व्यापक जनाधार को उजागर किया।






