हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूपी-15 एफटी-6795 में कुल 29 लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। नैनीताल से लौटते समय कालाढूंगी मार्ग पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है। अस्पताल में घायलों का हाल जानने और उपचार व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे और कोतवाल विजय मेहता भी पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल से लेकर दुर्घटनास्थल तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





