हल्द्वानी। हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम मानपुर स्थित एक आवासीय परिसर में बंद पड़े अंडरग्राउंड टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण एक के बाद एक तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। तीनों एक-दूसरे की जान बचाने के प्रयास में टैंक के भीतर उतरे, लेकिन सभी गैस की चपेट में आ गए। एसडीएम मोनिका ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे ग्राम मानपुर स्थित एक मकान के आंगन में बने पूर्णतः बंद अंडरग्राउंड टैंक का शटरिंग ढक्कन खोला जा रहा था। लंबे समय से बंद रहने के कारण टैंक के भीतर विषैली और दमघोंटू गैस जमा हो गई थी। ढक्कन खुलने के बाद सबसे पहले एक व्यक्ति टैंक के अंदर उतरा और जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया।
उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी गैस के प्रभाव से बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति भोजराज भी बचाव के लिए टैंक के भीतर गया, जिसे समय रहते बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत सामान्य बताई गई है और वह सुरक्षित अपने घर पर है। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में धर्मेंद्र सिंह बिष्ट (38 वर्ष) पुत्र भीम सिंह, सरस्वती देवी (58 वर्ष) पत्नी भीम सिंह और कुशल बिष्ट (35 वर्ष) पुत्र भीम सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।






