हल्द्वानी। मानसून के दौरान बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और चालकों की सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को परिवहन कार्यालय हल्द्वानी में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। ऋषिकेश स्थित निर्मल आई इंस्टीट्यूट के सहयोग से आयोजित इस शिविर में वाहन चालकों, विशेषकर भारी वाहनों के ड्राइवरों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने बताया कि बरसात के मौसम में दृश्यता कम होने और खराब मौसम के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में चालकों की दृष्टि पूरी तरह स्वस्थ होना बेहद आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से परिवहन विभाग ने यह विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया है, ताकि चालक सुरक्षित तरीके से वाहन संचालन कर सकें और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चालकों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। जिन चालकों को चश्मे की आवश्यकता पाई जा रही है, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि जरूरत के अनुसार दवाइयां भी दी जा रही हैं। आरटीओ के अनुसार अब तक लगभग 60 चालकों का नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परामर्श किया जा चुका है तथा शिविर में जांच का कार्य लगातार जारी है। परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों के बेहतर स्वास्थ्य से भी जुड़ी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं को कम कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।







