हल्द्वानी। उत्तराखंड की उभरती प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। गेल (इंडिया) लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत संचालित गेल उत्कर्ष हल्द्वानी केंद्र ने जेईई मेन्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 73.3 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ 45 में से 33 छात्र अब देश की प्रतिष्ठित जेईई एडवांस परीक्षा के लिए पात्र बन गए हैं। इस सफलता में खास बात यह रही कि 12 छात्रों ने 95 पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि केंद्र में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन की प्रभावशीलता को भी दर्शाता है। वर्ष 2021 में स्थापित हल्द्वानी केंद्र, गेल उत्कर्ष योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को 11 महीने की निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान करता है।
इस योजना की शुरुआत वर्ष 2009 में कानपुर से हुई थी, जिसके बाद इसका विस्तार वाराणसी और अब हल्द्वानी तक किया गया है। यहां चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होती है, जिसमें लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के जरिए योग्य छात्रों को चुना जाता है, साथ ही कम आय वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाती है। अब तक इस केंद्र से 317 छात्र लाभान्वित हो चुके हैं, जिनमें से 27 छात्रों ने आईआईटी, 59 ने एनआईटी और 180 छात्रों ने विभिन्न सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह केंद्र केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भी विकास करता है। गेल उत्कर्ष हल्द्वानी की यह सफलता इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो पहाड़ों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।







