हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में चर्चित रवि चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए जमीनी विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया है। हरिद्वार पुलिस ने इस मामले में दो शातिर सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर न केवल हत्या की गुत्थी सुलझाई, बल्कि साजिश की परतें भी खोल दीं। घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को मृतक की पत्नी ने रवि चौहान के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दो दिन बाद 19 अप्रैल को रानीपुर झाल से शव बरामद होने पर मामला हत्या में तब्दील हो गया। शव की स्थिति संदिग्ध मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच तेज की। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल सवार दो युवक रवि चौहान को अपने साथ ले जाते हुए देखे गए थे। सुराग मिलने पर पुलिस ने ज्वालापुर के हिस्ट्रीशीटर नदीम और उसके साथी दानिश अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी लेकर पहले रवि को शराब पिलाई, फिर मारपीट कर गला घोंट दिया और शव को रानीपुर झाल के पास फेंक दिया।पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक को उसके भाई द्वारा दी गई जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में भाई के दामाद ने अपने भतीजे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सुपारी की रकम में से 61 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं हत्या की साजिश रचने वाले मामा-भांजे फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि लालच और जमीनी विवाद किस तरह रिश्तों को तार-तार कर संगीन अपराधों में बदल देते हैं।





