रुद्रपुर। उत्तराखंड में धर्मांतरण के मामलों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस ने धर्म परिवर्तन से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट कहा है कि भय, लालच, दबाव या झूठे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहला मामला खटीमा कोतवाली क्षेत्र से सामने आया, जहां वादी रामपाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा प्रार्थना सभाओं के जरिए हिंदू धर्म के खिलाफ दुष्प्रचार कर बीमारी ठीक करने और आर्थिक मदद का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। वहीं नानकमत्ता क्षेत्र में दर्ज दूसरे मामले में गांव में चर्चनुमा ढांचा बनाकर धर्म प्रचार और धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपये का प्रलोभन देने के आरोप लगाए गए हैं।
तीसरे मामले में थारू समाज के लोगों को गुमराह कर हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाने और सामाजिक भेदभाव खत्म करने के नाम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। तीनों मामलों में उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी अजय गणपति ने इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। जांच की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी करेंगे, जबकि टीम में संबंधित थाना प्रभारी, विवेचक और एसओजी की सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भय, धोखाधड़ी, दबाव या लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।





