- बिना नियमों के संचालन, एक्सपायर अग्निशमन यंत्र और पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल
हल्द्वानी। पर्यटन सीजन के बीच हल्द्वानी क्षेत्र में होम स्टे और गेस्ट हाउसों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निरीक्षण टीम द्वारा दमुवाढूंगा बंदोबस्ती स्थित जे॰डी॰ होम स्टे और कुटुंब होम स्टे का निरीक्षण किया गया, जिसमें सुरक्षा मानकों से लेकर पंजीकरण नियमों तक कई खामियां पाई गईं।निरीक्षण के दौरान जे॰डी॰ होम स्टे, जो वर्तमान में टूरिस्ट गेस्ट हाउस के रूप में पंजीकृत है, में आठ कमरे संचालित पाए गए। जांच में सामने आया कि गेस्ट हाउस में पार्किंग की व्यवस्था पड़ोसी की भूमि पर की जा रही थी, लेकिन इसके लिए कोई वैध अनुबंध प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा परिसर में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं थी और लगाए गए अग्निशमन यंत्र एक्सपायर पाए गए।
अधिकारियों ने इसे भविष्य में संभावित दुर्घटना का गंभीर खतरा मानते हुए अग्निशमन विभाग से तत्काल कार्रवाई की संस्तुति की है। वहीं कुटुंब होम स्टे के निरीक्षण में भी कई नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में पाया गया कि भवन स्वामी स्वयं होम स्टे में निवास नहीं कर रहे हैं, जबकि नियमावली के अनुसार यह अनिवार्य है। यहां छह कमरे संचालित पाए गए, लेकिन रेस्टोरेंट और किचन की व्यवस्था नहीं थी। केयर टेकर का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था और रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं मिली। निरीक्षण टीम ने नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए होम स्टे का पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की है। पर्यटन सीजन के दौरान सामने आई इन अनियमितताओं ने होम स्टे और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।




