- नैनीताल पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी अब सलाखों के पीछे
नैनीताल। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में एक युवक की गुमशुदगी का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया है। थाना तल्लीताल पुलिस ने युवक की हत्या कर शव खाई में फेंकने के मामले में दो अन्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में कुल तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी नैनीताल की निगरानी में तल्लीताल पुलिस ने मामले की गहन जांच की। पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को शौर्य रिसोर्ट भुजियाघाट के जनरल मैनेजर भावेश पांडे ने होटल कर्मचारी दिनेश चन्द्र उपाध्याय की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
दिनेश एक दिन की छुट्टी लेकर गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों ने मामले को संदिग्ध बना दिया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान पहले ही कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं अब पुलिस ने मामले में नामजद अन्य दो आरोपी रोहित सिंह बिष्ट और दूसरे रोहित सिंह बिष्ट को भी गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब मामले में हत्या के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




