रुद्रपुर। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को भूरारानी क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन के निर्देशों के अनुपालन में लगभग सात एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाद संख्या-75 वर्ष 2024 के अंतर्गत पदम सिंह, गिरीश जोशी, राजेन्द्र सिंह कनवाल और इन्द्र सिंह कनवाल द्वारा भूरारानी क्षेत्र में बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया था। मामले की सुनवाई के बाद प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद संबंधित व्यक्तियों द्वारा अवैध निर्माण और विकास कार्य जारी रखे गए, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पुलिस बल और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से कॉलोनी में किए गए सभी अवैध निर्माण, सड़क निर्माण और विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण ने आमजन को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसके भूमि उपयोग और वैधानिक स्थिति की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। आवासीय भवन निर्माण के लिए केवल महायोजना के आवासीय क्षेत्रों में स्थित और विधिवत स्वीकृत कॉलोनियों में ही भूखंड खरीदें। साथ ही डेवलपर से स्वीकृत मानचित्र प्राप्त कर उसे रजिस्ट्री का हिस्सा बनाने की भी सलाह दी गई है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने यह भी कहा है कि कृषि, ग्रीन बेल्ट, औद्योगिक अथवा अन्य गैर-आवासीय क्षेत्रों में भूखंड खरीदकर आवासीय निर्माण कराने से भविष्य में कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। किसी भी प्रकार की शंका होने पर नागरिक सीधे प्राधिकरण कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।






