- दुकानों पर अनावश्यक भीड़ को लेकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी। जिला अधिकारी वंदना सिंह ने कैंप हल्द्वानी में महिला सुरक्षा हेतु गठित समिति की बैठक आयोजित की, जिसमें शहर की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई। समिति ने जानकारी दी कि अब तक 33 स्थानों पर स्कूली छात्राओं के साथ कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं, जिनमें से 480 स्थल को बालिकाओं ने असुरक्षित चिन्हित किया है। बैठक के दौरान डीएम ने उप नगर आयुक्त तुषार सैनी को 15 अक्टूबर तक सभी चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक 60 स्थानों का सर्वे पूरा हो चुका है। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस और परिवहन विभाग को इन स्थलों पर नियमित रूप से निगरानी और एनफोर्समेंट कार्य करने का निर्देश दिया, खासकर शाम के समय ताकि सुरक्षा के ठोस परिणाम देखे जा सकें।
डीएम ने कहा कि इन सभी लोकेशन का सत्यापन पुलिस, राजस्व और नगर निगम द्वारा किया जाएगा। जहां भी लाइट की कमी है, वहां नगर निगम शहरी क्षेत्रों में और उरेडा ग्रामीण क्षेत्रों में लाइट की व्यवस्था करेगा। असुरक्षित स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, मुख्य शिक्षा अधिकारी को 10 दिनों के भीतर कोचिंग सेंटरों के लिए एक एसओपी तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम ने पुलिस, राजस्व और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि वे ऐसे दुकानदारों और स्थलों की पहचान करें जहां अनावश्यक रूप से लोग देर रात तक जमा रहते हैं, जिससे महिलाओं और स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बनता है। उन्होंने कहा कि इन दुकानों पर अक्सर लोग बेवजह बैठे रहते हैं, और इनमें से कई गलत कार्यों में संलिप्त हो सकते हैं। ऐसे लोगों का चिन्हीकरण कर कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता है, ताकि शहर का माहौल सुरक्षित रहे और छात्र-छात्राएं निडर होकर अपनी पढ़ाई और कोचिंग जारी रख सकें।

बैठक में एआरटीओ विपिन कुमार ने बताया कि ऑटो चालकों के साथ बैठक हो चुकी है और जल्द ही उन्हें आई कार्ड जारी किए जाएंगे। साथ ही, उनके वाहनों में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर भी चस्पा किया जाएगा ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को नवंबर तक वर्दी में वाहन चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस बैठक में नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, एसपी क्राइम प्रकाश चंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, अपर निदेशक प्रशिक्षण ऋचा सिंह और अन्य समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






