हल्द्वानी। शहर में बीते दिन केवीएम स्कूल और मीरा मार्ग स्थित माशा शूज में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। एसडीएम हल्द्वानी मोनिका ने बताया कि दोनों घटनाओं में पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दोनों स्थानों पर संपत्ति का नुकसान हुआ है। एसडीएम मोनिका ने बताया कि केवीएम पब्लिक स्कूल में लगी आग से स्कूल परिसर में खड़ी दो बसों और जनरेटर को नुकसान पहुंचा है, जबकि मीरा मार्ग स्थित माशा शूज में आग लगने से पूरा स्टोर प्रभावित हुआ है। फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासन द्वारा कारणों की जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि माशा शूज में आग बुझाने के दौरान फायर टीम को ताज चौराहे स्थित फायर हाइड्रेंट के काम नहीं करने की शिकायत मिली। मौके पर जांच करने पर भी हाइड्रेंट के खराब होने की बात सामने आई, जिसके बाद दमकल टीम को तिकोनिया तिराहे स्थित फायर हाइड्रेंट से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी। एसडीएम ने कहा कि फायर हाइड्रेंट की इस स्थिति को गंभीरता से लिया गया है। अब शहर के सभी फायर हाइड्रेंट की जांच कराई जाएगी और यह भी तय किया जाएगा कि खराब हाइड्रेंट के लिए जिम्मेदारी किसकी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बड़े शैक्षणिक संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए संयुक्त टीमों को निर्देश दिए गए हैं। संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।





