हल्द्वानी। स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों को लेकर हल्द्वानी में विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने एसडीएम कोर्ट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर व्यवस्था को आम जनता पर आर्थिक बोझ बताया।प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने एसडीएम कोर्ट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है, जिससे आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि पहले की तुलना में बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो कांग्रेस आम लोगों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए जल्द प्रभावी निर्णय लेने की मांग की।





