- बलिया-बैगनिया मार्ग पर अनियंत्रित होकर 20-25 फीट गहरी खाई में गिरी अल्टो कार, पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। बलिया-बैगनिया मार्ग पर एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 20 से 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार दिनांक 29 जून को दोपहर करीब 2 बजे थाना लमगड़ा पुलिस को ग्राम बलिया-बैगनिया रोड पर कार संख्या UK04Z-5819 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने खाई में गिरे वाहन से सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में राजेंद्र सिंह बिलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (55) की मौत हो गई। वहीं गोपाल सिंह (45) और सचिन सिंह बिलवाल (18) घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






