हल्द्वानी। हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की संपत्तियों और अन्य वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायर स्टेशन हल्द्वानी को 23 जून को शाम 7:02 बजे डायल-112 और सीसीआर के माध्यम से केवीएम स्कूल, हीरा नगर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हल्द्वानी से एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल को तत्काल 7:03 बजे घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। आग की तीव्रता को देखते हुए फायर स्टेशन हल्द्वानी से दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर भेजे गए।
अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और समन्वित प्रयासों से आग को पूरी तरह बुझा दिया। फायर विभाग के अनुसार घटनास्थल पर स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गई थीं। इसके अलावा भूतल पर लगा एक जनरेटर सेट भी आग से प्रभावित हुआ। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण आग आसपास के भवनों, अन्य बसों और नजदीकी संपत्तियों तक नहीं फैल सकी। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण आसपास चल रहे वेल्डिंग कार्य के दौरान निकली चिंगारी बताया जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फायर विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फायर एवं पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और स्कूल परिसर में मौजूद अन्य संपत्तियों को नुकसान से बचा लिया गया।





