हल्द्वानी। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए विवाद को लेकर हल्द्वानी सिख समाज ने चिंता जताई है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा (रजि.) हल्द्वानी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा हल्द्वानी के पदाधिकारियों ने पत्र में कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर यात्रियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर सिख समाज को लेकर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
पत्र में कहा गया है कि ऐसी घटनाओं और टिप्पणियों से यात्रियों के मन में भय का माहौल बन रहा है। गुरुद्वारा कमेटी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा हल्द्वानी के सचिव कवलजीत सिंह उप्पल और अध्यक्ष अमरजीत सिंह आनंद ने कहा कि हल्द्वानी का सिख समाज इस घटना की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने प्रदेश में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी पवित्र यात्रा है, इसलिए यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।





