हल्द्वानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मां गर्गी मंदिर में आयोजित होने वाली भव्य महाआरती और धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि एक वर्ष पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मां गर्गी मंदिर में नियमित संध्या आरती की शुरुआत की गई थी, जो लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ संचालित हो रही है। इस आध्यात्मिक पहल के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून को मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम के तहत शाम छह बजे मां गर्गी माता की भव्य महाआरती संपन्न होगी। इसके बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, मां गर्गी के भजनों का लोकार्पण तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मेयर ने कहा कि नगरवासियों के सहयोग, श्रद्धा और सहभागिता से इस आयोजन को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मां गर्गी की कृपा और जनसहयोग से यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से यादगार बनेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश और सांस्कृतिक चेतना का भी संचार करेगा।






