भवाली। कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में भवाली क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक प्लान और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार पर्यटन सीजन के मद्देनजर पूर्व में दोपहिया टैक्सी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि उनके वाहन कैंची धाम एवं भवाली क्षेत्र की ओर संचालित नहीं किए जाएंगे। इसके बावजूद कई वाहन चालक निर्धारित आदेशों और ट्रैफिक प्लान की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन संचालित करते पाए गए।
यातायात निरीक्षक भवाली महेश चन्द्रा के नेतृत्व में 4 जून को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया टैक्सी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 12 वाहनों को सीज किया गया। सभी सीज वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली भवाली में दाखिल कराया गया है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें तथा यातायात नियमों का सम्मान करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।





