- मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में नवजात पुनर्जीवन प्रशिक्षण अभियान शुरू
हल्द्वानी। नवजात शिशुओं की जान बचाने और जन्म के तुरंत बाद बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में राष्ट्रव्यापी नवजात पुनर्जीवन कार्यक्रम के तहत विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। “वन डे, वन नेशन, वन मिशन – सेविंग न्यू बॉर्न लाइव्स, वन ब्रीथ एट ए टाइम” अभियान के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बाल रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ ऋतु रखोलिया ने किया।
कार्यशाला में नवजात शिशुओं को जन्म के बाद सांस लेने में आने वाली समस्याओं से निपटने और “गोल्डन मिनट” के दौरान जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम पूरी तरह हैंड्स ऑन और सिमुलेशन आधारित रखा गया, जिसमें चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों को नवजात पुनर्जीवन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डॉ ऋतु रखोलिया ने कहा कि जन्म के बाद का पहला मिनट नवजात के जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। सही समय पर उचित उपचार मिलने से कई नवजातों की जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ साक्षी समेत बाल रोग एवं स्त्री रोग विभाग के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने प्रतिभाग किया।





