हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले शातिर सपेरा गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय चोरी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार हल्द्वानी के हरिपुर मोतिया और मुखानी क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की घटनाओं के बाद संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई थी। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस को हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूम रहे तीन युवकों की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने बेल बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में सपेरों का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे।वापसी के दौरान हल्द्वानी में होटल में ठहरकर रात के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु निवासी सपेरा बस्ती, पथरी हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, पायल, चोकर और कीमती बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।




