हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद उपजे आक्रोश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां कुछ लोगों ने कानून को हाथ में लेते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस मामले में हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है। घटना 01 अप्रैल 2026 की है, जब चंडीघाट क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया। इस दौरान हालात तब बिगड़ गए जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में घुसकर तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली श्यामपुर में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम व अन्य धाराओं में 10 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून का पालन करते हुए अपनी बात विधिक तरीके से रखें, ताकि व्यवस्था बनी रहे।







