किच्छा। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुमाऊं क्षेत्र में एंटी नार्कोटिक्स यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने थाना किच्छा क्षेत्र के लालपुर चौकी इलाके में दबिश देते हुए 42 वर्षीय सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 133 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्ता ने खुलासा किया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह से हेरोइन खरीदकर किच्छा, रुद्रपुर और हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी। पुलिस के अनुसार महिला पिछले करीब डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी और इससे पहले कच्ची शराब के मामले में भी जेल जा चुकी है। STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई जा रही है।







