हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर करारा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चले इस अभियान ने कुछ ही दिनों में अपराध जगत में हड़कंप मचा दिया है। 03 अप्रैल से 07 अप्रैल 2026 तक चले सघन अभियान के दौरान पुलिस ने 7 वांछित और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो पेशेवर अपराधियों को जिला बदर किया गया। इसके साथ ही 484 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर कई लोगों के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, वहीं 111 लोगों पर पुलिस एक्ट में शिकंजा कसा गया।
यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट और हूटर का इस्तेमाल करने वाले 110 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 31 वाहनों को सीज कर दिया गया और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा जिलेभर में 243 होटल, ढाबों, पब और बार की औचक चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को सौंपी गई थी, जिनके नेतृत्व में पुलिस टीमों ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई कर अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।







