नैनीताल। जिला न्यायाधीश को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न न्यायालय परिसरों में हाई अलर्ट घोषित कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और बीडीएस टीमों द्वारा व्यापक तलाशी और फ्रिस्किंग की जा रही है, जबकि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच जारी है। पुलिस को जिला न्यायाधीश नैनीताल के माध्यम से जानकारी मिली कि जिला जज के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया है।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं और न्यायालय परिसरों की सुरक्षा घेराबंदी कर दी गई। एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में चल रहे अभियान में एसपी क्राइम डॉ० जगदीश चंद्र और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीमें न्यायालय परिसरों में लगातार चेकिंग कर संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें।







