देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी, कैंची धाम मेले और चारधाम यात्रा के कारण बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र वाले शहर में एक दिन पहले पहुंचने की अपील की है। आयोग ने कहा कि 13 और 14 जून को सप्ताहांत होने के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल सहित कई मैदानी और पर्वतीय जिलों में पर्यटकों की संख्या भी बढ़ने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में भारी वर्षा और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा नैनीताल जिले में नीम करोली बाबा वार्षिकोत्सव के कारण नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है। वहीं ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली मार्गों पर चारधाम यात्रा के चलते भी यातायात सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। आयोग ने दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे 13 जून को ही अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंचकर केंद्र का अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा के दिन देरी या असुविधा से बचा जा सके। साथ ही जनपदवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को आवश्यकता पड़ने पर सहायता मिल सके। UKSSSC ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा निर्धारित तिथि और समय पर ही आयोजित होगी, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय प्रबंधन और यात्रा योजना पहले से सुनिश्चित कर लें।






