- हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की बड़ी कार्रवाई, सेक्स रैकेट का भंडाफोड़; फरार संचालक की तलाश तेज
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी के एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापेमारी कर छह युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि मौके से एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और रजिस्टर भी बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को लंबे समय से तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। गुरुवार शाम मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एएचटीयू और पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्पा सेंटर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के भीतर अनैतिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, 4,320 रुपये नकद और दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू कर उनकी काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेजा गया। पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक मैनेजर, एक वॉचर और एक ग्राहक भी शामिल है। वहीं स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल मौके से फरार हो गया, जिसे मुकदमे में नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता द्वारा की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित गिरोह की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।






